जमालपुर में प्यास से बेहाल लोग, दो वार्डों में प्याऊ ठप होने से पेयजल संकट; कार्यपालक पदाधिकारी से मरम्मत की मांग



जमालपुर में प्यास से बेहाल लोग, दो वार्डों में प्याऊ ठप होने से पेयजल संकट; कार्यपालक पदाधिकारी से मरम्मत की मांग


जमालपुर (मुंगेर)। नगर परिषद जमालपुर द्वारा आम लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावे की जमीनी हकीकत सामने आ गई है। नगर परिषद क्षेत्र के दो अलग-अलग वार्डों में प्याऊ खराब हो जाने से सैकड़ों लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच राहगीरों और स्थानीय लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए भटकना पड़ रहा है।


इस मामले को लेकर वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद जमालपुर को लिखित आवेदन देकर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है।

वार्ड 12: सदर बाजार में 2 दिन से सूखा है प्याऊ

--------------------------------------------------------------

पहला मामला वार्ड संख्या 12 का है। वार्ड पार्षद साई शंकर ने पत्रांक 82/26 के माध्यम से दिनांक 16-09-26 को कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है।


आवेदन में बताया गया है कि सदर बाजार स्थित डीह जमालपुर में 5 नं० काली स्थान के सामने नगर परिषद द्वारा लगाया गया प्याऊ पिछले 2 दिनों से खराब पड़ा है। पार्षद ने कहा कि यह प्याऊ सदर बाजार का प्रमुख पेयजल स्रोत है, जहां रोजाना सैकड़ों राहगीर, दुकानदार और श्रद्धालु पानी पीते हैं। प्याऊ बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड 19: रामपुर कॉलोनी में दो-दो प्याऊ बंद, लोगों में आक्रोश

---------------------------------------------------------------------

वहीं दूसरा मामला वार्ड संख्या 19 के रामपुर कॉलोनी, दयालु मंदिर रोड का है, जहां स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। यहां नगर परिषद द्वारा निर्मित दो प्याऊ एक साथ खराब होकर बंद हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी के सभी परिवारों को शुद्ध पेयजल इसी प्याऊ से मिलता था। दोनों प्याऊ बंद होने से पूरे मोहल्ले में हाहाकार मचा हुआ है।


इसे लेकर रत्ना देवी, रिंकी प्रसाद, बेबी देवी, सुरेन्द्र यादव, कुंती कुमारी सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन 15 सितंबर को ही नगर परिषद कार्यालय में जमा किया था। लोगों ने शिकायत के साथ खराब पड़े प्याऊ की तस्वीर भी संलग्न की है, ताकि अधिकारियों को जमीनी हकीकत दिख सके।

जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

-----------------------------------------------------------

दोनों वार्डों के लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जनहित को देखते हुए दोनों जगह के प्याऊ को जल्द से जल्द ठीक कराकर सुचारू रूप से चालू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ